अंब में 7.64 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी को अदालत ने छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत के समक्ष प्रस्तुत...
चिट्टे के साथ पकड़ा आरोपी छह दिन के रिमांड पर भेजा
अंब में 7.64 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी को अदालत ने छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया। अदालत ने मामले पर विचार करने के बाद आरोपी को 21 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी आदर्श नगर तहसील अंब जिला ऊना के तौर पर हुई है।
ध्यान रहे कि मंगलवार शाम को अंब थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि आदर्श नगर में एक व्यक्ति के पास नशीला पदार्थ मौजूद है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदर्श नगर के वार्ड-6 स्थित एक मकान में छापा मारा। मकान की तलाशी के दौरान वहां मौजूद आरोपी के पास से 7.64 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को सील कर आरोपी को हिरासत में ले लिया था।
एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि अदालत से छह दिन का रिमांड मंजूर होने के बाद अब आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।