बनीखेत के ऐतिहासिक पधर मैदान में रविवार को जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले का शुभारंभ हुआ। डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक आशा कुमारी ने बतौर मुख्य...
धूमधाम से आषाढ़ नाग मेले का आगाज
बनीखेत के ऐतिहासिक पधर मैदान में रविवार को जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले का शुभारंभ हुआ। डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक आशा कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
मेले के उद्घाटन पर हुई बारिश ने कार्यक्रम में कुछ समय के लिए व्यवधान डाला लेकिन श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के उत्साह के आगे मौसम की चुनौती भी फीकी पड़ गई। काफी संख्या में लोगों ने मेले में पहुंचकर नाग देवता के प्रति आस्था प्रकट की।
नाग देवता की भव्य झांकी निकाली गई। यह बनीखेत बाजार और बस स्टैंड से होकर पुनः नाग मंदिर पहुंची। झांकी में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।मुख्यातिथि का स्वागत मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अनिल भारद्वाज ने किया। उन्होंने मेले के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आषाढ़ नाग मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है जो वर्षों से लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। आषाढ़ नाग मेला 21 से 24 जून तक मनाया जा रहा है। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। 22 जून को पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मेले के लिए पधर मैदान को विशेष रूप से सजाया गया है। मैदान में झूले, विभिन्न प्रकार की दुकानें तथा विशाल डोम बनाए गए हैं। नाग मंदिर को रंग-बिरंगी मालाओं, आकर्षक रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।