ग्राम पंचायत करियां में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और आईटीआई लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. र...
चंबा के गांवों तक पहुंचेगा डिजिटल नेटवर्क
ग्राम पंचायत करियां में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और आईटीआई लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने वरिष्ठ महाप्रबंधक (बीएसएनएल धर्मशाला) डॉ. विपिन कुमार मौर्य की मौजूदगी में भारत नेट परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने के साथ डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य और टेलीमेडिसिन सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इससे ग्रामीण सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने संबोधन में इसे ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने वाली महत्वाकांक्षी योजना बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में दूरदराज के क्षेत्रों तक आधुनिक डिजिटल संचार सेवाएं पहुंचाने की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत कांगड़ा में इस योजना का शुभारंभ पहले ही हो चुका है और अब चंबा के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों को भी संशोधित एफटीटीएच कार्यक्रम से जोड़ दिया गया है। इससे ग्रामीण युवाओं और विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, स्वास्थ्य परामर्श तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा। सांसद ने पवित्र मणिमहेश यात्रा मार्ग पर बीएसएनएल द्वारा स्थापित संचार सुविधाओं का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पहले श्रद्धालु केवल हड़सर तक ही अपने परिजनों से संपर्क कर पाते थे, जबकि आगे का दुर्गम मार्ग नेटवर्क विहीन रहता था। दूरसंचार सलाहकार समिति के निर्णय के बाद बीएसएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मात्र डेढ़ महीने के भीतर कड़ी मेहनत कर धनछो में टावर स्थापित किया। इससे इस वर्ष श्रद्धालुओं को गौरीकुंड तक मोबाइल नेटवर्क की सुविधा मिली। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए बीएसएनएल प्रबंधन और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व सदर विधायक पवन नैय्यर सहित विभिन्न भाजपा मंडलों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।