सिया हत्याकांड में गिरफ्तार विकास पटियाल की माता सुनीता ने कहा कि यदि उनका बेटा आरोपी है तो उसके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जाएं और दोष सिद्ध होने पर उ...
सिया हत्याकांड: आरोपी की मां ने पुलिस जांच थ्योरी पर उठाए सवाल, कहा- दबाव में लाकर आरोप कबूलने की न हो कोशिश
सिया हत्याकांड में गिरफ्तार विकास पटियाल की माता सुनीता ने कहा कि यदि उनका बेटा आरोपी है तो उसके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जाएं और दोष सिद्ध होने पर उसे फांसी की सजा दी जाए। सुनीता ने कहा कि उनका परिवार पीड़ित पक्ष के साथ है और न्याय चाहता है।
सिया हत्याकांड में गिरफ्तार विकास पटियाल की माता सुनीता ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हैं। इस मामले में आरोपी के पुलिस पूछताछ में हुए खुलासे के बाद मां सुनीता ने कई सवाल उठाए हैं। कहा कि यदि उनका बेटा आरोपी है तो उसके खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जाएं और दोष सिद्ध होने पर उसे फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस साक्ष्यों के बेटे को दबाव में लाकर कुछ भी कबूल करवाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
सुनीता के अनुसार वारदात वाले दिन वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से घास लेने चली गई थीं। उन्होंने इस बात को गलत बताया कि उस दिन विकास का मां से झगड़ा हुआ और वह घर से नाराज होकर निकला था। उनका कहना है कि घटना से पहले गांव की दो महिलाओं का विकास से सामना हुआ था, लेकिन वह उनके सामने से सिर झुकाकर निकल गया। अगर उसका इरादा किसी की हत्या का होता तो वह उस समय भी कुछ कर सकता था।
उन्होंने कहा कि यदि उनके बेटे ने इतनी बड़ी वारदात की है तो पुलिस को खून से सने कपड़े, हुड और दराट जैसे सबूत स्पष्ट रूप से सामने लाने चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं पुलिस रिमांड या लोगों के दबाव में आकर उनका बेटा चुप्पी तो नहीं साधे हुए है।
सुनीता ने कहा कि उनका परिवार पीड़ित पक्ष के साथ है और न्याय चाहता है। यदि तथ्यों और सबूतों के आधार पर यह साबित होता है कि विकास ने किसी के कहने पर भी यह कृत्य किया है, तो उसके लिए फांसी की सजा भी कम नहीं होगी। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि विकास का पहले किसी से झगड़ा, रंजिश या आपराधिक इतिहास नहीं रहा है और वह स्वभाव से कम बोलने वाला था।
हमारी दुनिया उजड़ गई : जोगिंद्र सिंह
मृतिका सिया गुलेरिया के पिता जोगिंद्र सिंह गुलेरिया ने बताया कि हमारी दुनिया उजड़ गई है। आरोपी को पकड़ लिया है। इसके लिए हम संतुष्ट हैं। अभी तक कोई शिकायत किसी से नहीं है यदि कुछ कमी आगे नजर आएगी तो जरूर बताएंगे।