मैदानी राज्यों की प्रचंड गर्मी से राहत पाने के लिए इस वीकेंड बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख किया। इस वीकेंड पर डलहौजी, गांधी चौक, सुभाष चौ...
वीकेंड पर टूरिस्टों से गुलजार हुई पर्यटक नगरी डलहौजी
मैदानी राज्यों की प्रचंड गर्मी से राहत पाने के लिए इस वीकेंड बड़ी संख्या में पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख किया। इस वीकेंड पर डलहौजी, गांधी चौक, सुभाष चौक और आसपास के पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ, महाराष्ट्र व गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से सैकडों पर्यटक डलहौजी पहुंचे। जहां सुबह के समय पर्यटक आसपास के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करते रहे, जबकि शाम ढलते ही गांधी चौक, सुभाष चौक और स्थानीय बाजारों में रौनक चरम पर पहुंच गई।
होटल व्यवसायियों के अनुसार वीकेंड पर होटलों और होम-स्टे की आक्यूपेंसी में उल्लेखनीय बढ़ौतरी हुई है। इतना ही नहीं सप्ताह के अन्य दिनों में भी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ रही है, जिससे पर्यटन कारोबार को अच्छा संबल मिल रहा है। होटल, रेस्तरां, टैक्सी संचालकों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी इस सीजन में खुशी साफ दिखाई दे रही है। डलहौजी शहर तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि पंचपुला, सुभाष बावडी, सतधारा, लक्कडमंडी, कालाटोप, डैनकुंड और मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से प्रसिद्ध खज्जियार में भी पर्यटकों की खूब चहल-पहल रही।
वाहनों की लगी लंबी कतारें
वीकेंड पर पर्यटकों और वाहनों की भारी आमद के कारण डलहौजी की सडक़ों पर यातायात का दबाव काफी बढ गया। कई बार वाहनों की लंबी कतारें भी लग गईं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस कर्मियों को दिनभर की मशक्कत करनी पडी। तेज धूप के बावजूद पुलिस जवान विभिन्न चौराहों पर डटे रहे और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते रहे। इस दौरान डीएसपी मयंक शर्मा स्वयं भी पूरे समय फील्ड में मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। साथ ही पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
पर्यटकों ने माता भलेई मंदिर में भी टेका माथा
कई श्रद्धालु पर्यटकों ने माता भलेई मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया, जबकि राक गार्डन भी पर्यटकों से गुलजार रहा। पर्यटन सीजन के बीच मौसम अनुकूल रहने से आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढने की उम्मीद जताई जा रही है। जहां मैदानी राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है वहीं डलहौजी का सुहावना मौसम पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।