राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोबा की छात्राओं ने स्वास्तिक आरोग्य अस्पताल में ऑन जॉब ट्रेनिंग प्राप्त की। यह जानकारी देते हुए टोबा स्कूल के प्रधाना...
टोबा स्कूल की छात्राओं ने ली ऑन जॉब ट्रेनिंग
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोबा की छात्राओं ने स्वास्तिक आरोग्य अस्पताल में ऑन जॉब ट्रेनिंग प्राप्त की। यह जानकारी देते हुए टोबा स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार मुसाफिर ने बताया कि विद्यालय में हेल्थ केयर विषय का अध्ययन कर रही 10वीं एवं 11वीं कक्षा की छात्राओं ने स्वास्तिक आरोग्य अस्पताल भनुपली, रोपड़ (पंजाब) में ऑन जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) प्राप्त की। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करना था। इस दौरान 10वीं एवं 11वीं कक्षा के कुल 32 विद्यार्थियों को अस्पताल के विभिन्न विभागों- ऑपरेशन थिएटर, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), एक्स-रे, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), डायलिसिस तथा फिजियोथेरेपी विभाग का अवलोकन करवाया गया।
विद्यार्थियों को अस्पताल की कार्यप्रणाली तथा मरीजों की देखभाल से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय की हेल्थ केयर विषय की अध्यापिका मिस मोनिका डोगरा ने बताया कि पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऑन जॉब ट्रेनिंग प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का जहां ज्ञानवर्धन होता है वहीं विधार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होती है। इस दौरान स्वास्तिक आरोग्य अस्पताल के निदेशक डा. विशाल जगोता ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी और इसके साथ ही अस्पताल के विक्रांत (एडमिन विभा), किरण एवं अन्य नर्सिंग स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया गया तथा प्रशिक्षण में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।