झंडूता के कलोल गांव की घटना, पोस्टमार्टम के लिए शव घुमारवीं भेजा शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत कलोल में पेड़ से गिरकर एक 48 वर्षीय महिला क...
पेड़ से गिरकर महिला की मौत, चारा लेने गई थी जंगल
झंडूता के कलोल गांव की घटना, पोस्टमार्टम के लिए शव घुमारवीं भेजा
शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत कलोल में पेड़ से गिरकर एक 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला मवेशियों के लिए चारा लेने पेड़ पर चढ़ी थी। गिरने से गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) झंडूता ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार शाह तलाई पुलिस थाना को सीएचसी झंडूता से सूचना मिली कि चंचला देवी (48) पत्नी जय सिंह, निवासी गांव व डाकघर कलोल, तहसील झंडूता को अस्पताल में लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मौके पर शव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मृतका के सिर पर करीब दो सेंटीमीटर का घाव और बाईं आंख के पास नील पाया गया। इसके अलावा शरीर पर अन्य किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले। मृतका के जेठ केशवानंद पुत्र बुघा राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि चंचला देवी अपने पालतू मवेशियों के लिए अचनार के पेड़ से चारा लेने के लिए पेड़ पर चढ़ी थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। परिजन घायल अवस्था में उसे तुरंत सीएचसी झंडूता लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी घटना को हादसा बताया और किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया। पुलिस अधीक्षक संदीप धपल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेजा गया है।