1190 आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं बिजली की सुविधा, शांडिल ने लिखित उत्तर में दी जानकारी

हिमाचल प्रदेश के 1190 आंगनबाड़ी केंद्र आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। यह जानकारी प्रश्नकाल के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल...

1190 आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं बिजली की सुविधा, शांडिल ने लिखित उत्तर में दी जानकारी

1190 आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं बिजली की सुविधा, शांडिल ने लिखित उत्तर में दी जानकारी

हिमाचल प्रदेश के 1190 आंगनबाड़ी केंद्र आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। यह जानकारी प्रश्नकाल के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती के प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। प्रदेश में वर्तमान में 18,925 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें 4,24,362 बच्चे पंजीकृत हैं। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के कुल आंगनबाड़ी केंद्रों में से 8,417 सरकारी भवनों और 10,508 निजी भवनों में संचालित हो रहे हैं। 31 जुलाई 2026 तक राज्य में 18,549 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 17,990 सहायिकाएं कार्यरत थीं। लिखित जवाब में बताया गया कि सरकारी भवनों में चल रहे 8,417 केंद्रों में से 5,378 में बिजली कनेक्शन उपलब्ध हैं। 1,849 केंद्रों में बिजली की सुविधा है लेकिन कनेक्शन नहीं है।

निजी भवनों के 10,508 केंद्रों में से 5,676 में मीटर बिजली कनेक्शन हैं। 4,826 केंद्रों में बिजली की सुविधा उपलब्ध है पर कनेक्शन नहीं है। केवल छह निजी केंद्रों में ही बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सरकारी भवनों में संचालित कुल 8,417 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 8,268 में पाइप कनेक्शन से पेयजल उपलब्ध है। शेष 149 भवनों में अन्य स्रोतों से पेयजल की व्यवस्था है। वर्तमान में कोई भी सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र पेयजल सुविधा से वंचित नहीं है। निजी भवनों में संचालित 10,508 केंद्रों में से 10,452 में पाइप कनेक्शन से पेयजल उपलब्ध है। शेष 56 भवनों में अन्य स्रोतों से पेयजल की व्यवस्था है। सरकार ने निजी भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद पड़ी सरकारी पाठशालाओं में स्थानांतरित करने के संबंध में कहा कि शिक्षा विभाग से अभी कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। प्रस्ताव मिलने पर विभाग उस पर विचार करेगा।