ठियोग अस्पताल में जल्द उपलब्ध होंगे 200 बेड

सिविल अस्पताल ठियोग की रोगी कल्याण समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने की। बैठक में अस्पताल को 200 ब...

ठियोग अस्पताल में जल्द उपलब्ध होंगे 200 बेड

ठियोग अस्पताल में जल्द उपलब्ध होंगे 200 बेड

सिविल अस्पताल ठियोग की रोगी कल्याण समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने की। बैठक में अस्पताल को 200 बिस्तरों वाला जिला अस्पताल बनाने, 12 डॉक्टरों सहित लंबे समय से खाली पड़े नर्सों, फार्मासिस्टों और अन्य कर्मचारियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही अस्पताल भवन के ब्लॉक-डी के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने तथा पहले से निर्मित भवन की मरम्मत का कार्य पूरा कर विभाग को सौंपने पर भी जोर दिया गया।

राठौर ने कहा कि ठियोग अस्पताल में जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसके लिए धन की व्यवस्था के साथ-साथ टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त ठियोग और कुमारसेन अस्पतालों के लिए दो अल्ट्रासाउंड मशीनों की मांग भी की गई है। बैठक में लोक निर्माण विभाग की धीमी कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। विधायक ने विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन भवन के कार्य को एक सप्ताह के भीतर शुरू किया जाए और अस्पताल से जुड़े विकास कार्यों को सभी विभाग अपनी प्राथमिकता में रखें। इससे पहले अस्पताल प्रभारी डा. पवन शर्मा ने समिति के बजट और प्रस्तावित कार्यों के लिए धन स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किए। समिति ने बंदूक लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के मेडिकल परीक्षण की फीस में वृद्धि करने का निर्णय भी लिया। इसके अलावा अस्पताल के मौजूदा वार्डों में ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था के लिए सरकार से 20 लाख रुपए की मांग की गई। अस्पताल के शवगृह को वातानुकूलित बनाने के लिए भी सरकार से वित्तीय सहायता मांगी गई। बैठक में अस्पताल में केंटीन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा कर कई निर्णय लिए गए।