युवक ने हाथ में पत्थर लेकर मचाया हुड़दंग

चंबा। शनि मंदिर हरदासपुरा के पास सोमवार रात 8:30 बजे उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक युवक हाथ में पत्थर उठाकर राहगीरों और वाहन चालकों को मारने पर...

युवक ने हाथ में पत्थर लेकर मचाया हुड़दंग

युवक ने हाथ में पत्थर लेकर मचाया हुड़दंग

चंबा। शनि मंदिर हरदासपुरा के पास सोमवार रात 8:30 बजे उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक युवक हाथ में पत्थर उठाकर राहगीरों और वाहन चालकों को मारने पर उतारू हो गया। बीच सड़क पर खड़े होकर उसने दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। जिसने भी उसे हटने के लिए कहा, वह पत्थर से उसे मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसने दो वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। आधे घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। इस कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार खड़ी हो गई। कई लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह मानने को तैयार ही नहीं हो रहा था। इसके बाद कुछ युवाओं ने उसे पकड़कर उसके हाथ से पत्थर छीना। इसके बाद भी वह नहीं माना। उसने युवाओं को गालियां देना शुरू कर दिया और फिर से पत्थर उठा लिया। हालात को संभालने के लिए लोगों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस के सामने भी युवक मानने को तैयार नहीं था। इसके बाद पुलिस उसे अपना साथ ले गई। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से परेशान है। साथ ही उसने कोई नशा भी कर रखा था। पुलिस ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने इसकी पुष्टि की है।

ताज़ा खबरें

अधिक देखी जाने वाली खबरें