होली में आयोजित बैठक में बनाई आंदोलन की रूपरेखा, समस्याओं पर भी चर्चा आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन प्रोजेक्ट कमेटी भरमौर की बैठक होली में...
शिमला में आठ जून को गरजेंगी आंगनबाड़ी कर्मी
होली में आयोजित बैठक में बनाई आंदोलन की रूपरेखा, समस्याओं पर भी चर्चा
आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन प्रोजेक्ट कमेटी भरमौर की बैठक होली में हुई। इसकी अध्यक्षता संदला देवी ने की। बैठक में रजनी, सवर्णा, चंचला, जोगिंद्रा, मीना, रंजना बिंता, पवना, सीमा, चंपा और सरोज सहित अन्य मौजूद रहे।
सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर और यूनियन जिला अध्यक्ष सरोज देवी ने आठ जून को आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स से अपनी मांगों को लेकर शिमला में हड़ताल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से विभिन्न विभागों का जोखिमपूर्ण कार्य तो कराया जाता है लेकिन किसी भी दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में न सरकार और न संबंधित विभाग इनकी जिम्मेदारी लेता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अत्यंत कम मानदेय पर पल्स पोलियो, बीएलओ ड्यूटी, फेस ट्रैकिंग, हाउस-टू-हाउस सर्वे जैसे बहु-विभागीय एवं जोखिमपूर्ण कार्य करने को मजबूर हैं लेकिन इसके बदले उन्हें न तो पर्याप्त सुरक्षा दी जाती है, न बीमा सुविधा और न ही सामाजिक सुविधा दी जाती है। मांग की है कि ड्यूटी के दौरान मृतक आंगनबाड़ी कर्मियों को सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए। परिवार के लोगों को करुणामूलक आधार पर नौकरी दी जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिस भी विभाग का कार्य करें, उस विभाग की स्पष्ट, लिखित एवं कानूनी जवाबदेही तय की जाए। दुर्घटना बीमा, जोखिम भत्ता एवं सामाजिक सुरक्षा दी जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को समय से वेतन का भुगतान किया जाए। केंद्र का और राज्य के वेतन को एक मुश्त दिया जाए।