हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई चंबा की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा तथा पोलिटेक्निकल कालेज सरोल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के...
नशीली दवाइयों का न करो इस्तेमाल, बनाओ दूरी
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई चंबा की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंबा तथा पोलिटेक्निकल कालेज सरोल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ नशीली दवाओं के दुरुपयोग (ड्रग एब्यूज) के गंभीर मुद्दे पर मंगलवार को संवाद किया। इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष प्रो. विपिन राठौर, उपाध्यक्ष पी सी मिन्हास, जिला सचिव गजेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष डा विजय राठौर के साथ राज्य सचिव एवं हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज के संगठनात्मक सहयोगी सत्यवान पुंडीर विशेष रूप से शामिल हुए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा. विपिन राठौर ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने तथा जीवन में विज्ञान एवं टेक्नोलोजी के महत्व तथा सत्यवान पुंडीर ने नशीली दवाओं के बढते खतरे को समझना तथा इसके सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम, इसके कारणों और दुष्परिणामों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कार्यशाला के दौरान नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर समुदाय आधारित हस्तक्षेप करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई जिसमें परिवार, समाज व युवा वर्ग की भूमिका को रेखांकित किया। पुंडीर ने समाज में नशे के बढ़ते जाल को तोडऩे के लिए समाज को जागृत होकर लामबंद होने का भी आहवान किया। उन्होंने साथ ही कहा कि शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से प्राइमरी प्रिवेशन पर जोरदार तरीके से अभियान चलाने की आवश्यकता है। इस अभियान के माध्यम से समाज में नशे के प्रभाव, कारणों तथा समाधान के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का प्रयास करना होगा। इसके साथ सत्यवान पुंडीर ने सरकार तथा समाज से भी अपील की कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में नशे के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया जाए, क्योंकि चुनावों में नशे को मुफ्त में परोसा जाता है और हर चुनाव के बाद समाज में एक न्याय उपभोक्ता समूह तैयार होता है। इसलिए इसके लिए खासकर युवाओं को अपनी पीढ़ी को बचाने के लिए आगे आना होगा। इस मौके पर आईटीआई तथा पोलिटेक्निकल प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने ज्ञान विज्ञान समिति की टीम का आभार व्यक्त किया।