धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बी वॉक (रिटेल मैनेजमेंट) विभाग की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। प...
बी वॉक छात्राओं ने बढ़ाया डिग्री कॉलेज धर्मशाला का मान
धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बी वॉक (रिटेल मैनेजमेंट) विभाग की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। पढ़ाई पूरी करते ही विभाग की 10 छात्राओं का चयन देश की प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनियों में आकर्षक वेतन पैकेज पर हुआ है। इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। कॉलेज में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूएस पोलो, केपसन, आईकोनिक सहित अन्य नामी ब्रांड्स में अपनी जगह बनाई। कॉलेज प्रशासन ने इसे व्यावसायिक शिक्षा की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि बी वॉक जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभाग के नोडल अधिकारी प्रो. नरेश कुमार धीमान ने कहा कि बी वॉक कोर्स विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करता है, जिससे उन्हें पढ़ाई पूरी होते ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं।
वहीं विभाग के प्रशिक्षक रोहित सभरवाल और बी वॉक विभाग के अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कॅरिअर की कामना की।