बनीखेत (चंबा)। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने बनीखेत-बड़ेरु सड़क को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया है। बरसात के दिनों में अक्सर...
बनीखेत-बड़ेरु सड़क की जा रही चकाचक
बनीखेत (चंबा)। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने बनीखेत-बड़ेरु सड़क को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया है।
बरसात के दिनों में अक्सर इस सड़क पर जलभराव, मलबा गिरने और सड़क क्षतिग्रस्त होने जैसी समस्याओं के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से सड़क की स्थिति सुधारने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। विभाग की ओर से सड़क के किनारे बंद नालियों को दोबारा खोला जा रहा है जिससे बारिश का पानी आसानी से निकल सके और पानी सड़क पर जमा न हो। इसके साथ ही मार्ग के किनारों पर जमा मलबे को हटाने का कार्य भी जारी है, जिससे संकरी हो चुकी सड़क को फिर से चौड़ा और सुरक्षित बनाया जा सके। सड़क के कई हिस्सों में ऊबड़-खाबड़ और क्षतिग्रस्त सतह को भराई कर समतल किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों और मशीनरी की मदद से सड़क को बेहतर बनाने का कार्य लगातार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान इस मार्ग पर आवाजाही काफी कठिन हो जाती है, ऐसे में विभाग की ओर से समय रहते किए जा रहे कार्य से राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील धवन ने बताया कि जहां जिस प्रकार की आवश्यकता पड़ रही है, वहां लेबर और मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है। विभाग का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान सड़क को सुचारु बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले अधिकतर कार्यों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग क्षेत्र की संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी रख रहा है। स्थानीय निवासियों ने भी लोकनिर्माण विभाग की इस पहल का स्वागत किया है। बनीखेत-बड़ेरु मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, ऐसे में इसका सुचारु रहना लोगों के लिए बेहद जरूरी है।