रीछ का हमला…गोशाला में मार डालीं तीन भेड़-बकरियां

ग्राम पंचायत गरनोटा में रीछ ने गोशाला में घुसकर तीन भेड़-बकरियों को मार दिया। रीछ ने छह भेड़-बकरियों को बुरी तरह घायल कर दिया। पंचायत में पिछले तीन दि...

रीछ का हमला…गोशाला में मार डालीं तीन भेड़-बकरियां

रीछ का हमला…गोशाला में मार डालीं तीन भेड़-बकरियां

ग्राम पंचायत गरनोटा में रीछ ने गोशाला में घुसकर तीन भेड़-बकरियों को मार दिया। रीछ ने छह भेड़-बकरियों को बुरी तरह घायल कर दिया। पंचायत में पिछले तीन दिनों के भीतर रीछ द्वारा गोशाला में घुसकर भेड़-बकरियों को मौत के घाट उतारने की यह दूसरी घटना है। पंचायत में रीछ की रिहायशी क्षेत्र के इर्द-गिर्द मौजूदगी से ग्रामीण बुरी तरह सहम गए हैं।
 

पंचायत उपप्रधान अरूण शर्मा ने उपमंडलीय प्रशासन व वन विभाग से प्रभावित परिवारों को सरकारी मेनुअल के मुताबिक फौरी राहत प्रदान करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार गत देर रात सुहार गांव के चरण सिंह की गोशाला की खिडक़ी तोडक़र रीछ ने अंदर बंधी एक भेड़ व दो बकरियों को मार दिया। इसके साथ ही छह भेड़-बकरियों को बुरी तरह जख्मी कर दिया है। देर रात पेश आई इस घटना का पता रविवार सवेरे चल पाया। बताते चलें कि दो दिन पहले भी पंचायत के पडवाल गांव के वासी तिलक राज की गोशाला में घुसकर रीछ ने सात भेड़-बकरियों को मार दिया था। इसके साथ ही एक ग्रामीण भी रीछ के हमले में बाल-बाल बच चुका है। पंचायत में सिलसिलेवार रीछ के मवेशियों पर हमले की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बनकर रह गया है।

क्या बोले प्रधान
गरनोटा पंचायत के पूर्व प्रधान जगदीश चौहान ने बताया कि इन दिनों रीछ की रिहायशी क्षेत्र के इर्द-गिर्द मौजूदगी दर्ज की जा रही है। उन्होंने वन विभाग से जल्द रीछ को रिहायशी क्षेत्र से खदेडक़र ग्रामीणों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने की आग्रह किया है।