अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले अग्निवीरों के शादी के नियमों को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। पहले अग्निवीर के तौर पर सेवा के दौरान शादी की अ...
अग्निवीरों को बड़ी राहत: 4 साल की सेवा के बाद 2 साल के एक्सटेंशन में कर सकेंगे शादी
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले अग्निवीरों के शादी के नियमों को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। पहले अग्निवीर के तौर पर सेवा के दौरान शादी की अनुमति नहीं थी। अब दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों को शादी करने की भी इजाजत होगी। हालांकि ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही वे शादी कर सकेंगे। इसे ‘सेकंड टुअर ऑफ ड्यूटी’ कहा जाता है। जाहिर तौर पर यह अग्निवीरों के परिवार के लिए राहत की खबर है।
विश्वसनीय सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है, जबकि आधिकारिक घोषणा अभी होनी है। बता दें कि पहले नियम यही था कि भर्ती के वक्त अग्निवीर अविवाहित होने चाहिए। इसके अलावा सेवा के दौरान भी वे शादी नहीं कर सकते। पहले भर्ती भी केवल चार साल के लिए की जा रही थी। हालांकि अब सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को लगभग एक महीने की ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। इसके बाद वे शादी भी कर सकते हैं।
छुट्टी के नियमों में होगा बदलाव
अग्निवीरों की छुट्टी के नियमों में भी बदलाव हो सकता है। दो साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले से ज्यादा छुट्टियां दी जा सकती हैं। पहले एक साल में 30 ही छुट्टियां मिलती थीं, जबकि सेवा विस्तार के बाद सालभर में 90 छुट्टियां दी जा सकती हैं। सेना अनुशासन का भी ध्यान रखेगी और जवानों की पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखेगी।