चंबा। कंदोलू जंगल में गोली से मारे काले भालू का पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके उपरांत भालू का मृत शरीर जला दिया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी की गई। वन विभ...
पोस्टमार्टम के बाद जलाया काले भालू का शव
चंबा। कंदोलू जंगल में गोली से मारे काले भालू का पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके उपरांत भालू का मृत शरीर जला दिया गया। इसकी वीडियोग्राफी भी की गई।
वन विभाग भालू का अवैध शिकार करने वाले शिकारियों की तलाश में जुट गया है। जंगल के आस-पास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। शनिवार शाम के समय जब वन रक्षक गश्त कर रहे थे तो जंगल में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह अन्य कर्मचारियों को लेकर वहां पहुंचे तो झाड़ियों में काला भालू मृत मिला। इसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। इसकी शिकायत तुरंत पुलिस में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को डीएफओ सुशील कुमार गुलेरिया की मौजूदगी में पशु पालन विभाग की टीम ने भालू का पोस्टमार्टम किया। भालू के शरीर में छर्रे बरामद हुए हैं। विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर शव को जलाया गया। किसी भी वन्य जीव का शव जमीन में नहीं दफनाया जाता क्योंकि बाद में उसके अंगों की तस्करी के लिए शव को खोदा जा सकता है। इसलिए वन्य जीव के शव को आग में जलाया जाता है। क्षेत्र में लाइसेंस बंदूकधारियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।