चंबा शहर के साथ लगते जंगल में भीषण आग, वन संपदा को नुकसान, वन विभाग की कसरत भी हुई तेज चंबा शहर के इर्द-गिर्द के जंगल पिछले दो दिनों से आग से दहक रहे...
दहक रहे जंगल… हर तरफ धुआं ही धुआं, टेंशन बढ़ी
चंबा शहर के साथ लगते जंगल में भीषण आग, वन संपदा को नुकसान, वन विभाग की कसरत भी हुई तेज
चंबा शहर के इर्द-गिर्द के जंगल पिछले दो दिनों से आग से दहक रहे हैं। जंगल की बेकाबू आग ने जहां गर्मी की तपिश को बढ़ा दिया है वहीं वन संपदा को भी काफी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही वातावरण में धुंआ फैलाने से श्वास रोग से पीडि़त मरीजों की दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। वन विभाग व दमकल विभाग की टीमें जंगलों की बेकाबू आग को बुझाने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पिछले रोज करियां व साच के जंगलों में किसी शरारती तत्व ने आग लगा दी। तेज हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा जंगल की चपेट में आ गया। जंगल के समीप के रिहायशी क्षेत्र के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बेकाबू आग पर काबू पाने के प्रयास आरंभ कर दिए।
जंगलों की आग से बढ़ गई तपिश
इसी बीच सोमवार सवेरे शहर का नजदीकी बन्नू जंगल आग से दहक उठा। शरारती तत्वों की इस हरकत से वन विभाग को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक वन व दमकल विभाग की टीम जंगल की आग पर काबू पाने में जुटी हुई थीं। वन विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि जंगल को आग लगाने वाले शरारती तत्वों का पता चलने पर तुरंत सूचना दें। बहरहाल, शहर के आस-पास के जंगलों के आग से दहक उठने से आग की तपिश बढ़ गई है।