जुकयानी में संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका

ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नेगी राणा (40) पुत्र जय...

जुकयानी में संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका

जुकयानी में संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका

ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नेगी राणा (40) पुत्र जय दयाल निवासी गुड़ेश डाकघर खुशनगरी के रूप में हुई है।
सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट और दाहिनी बाजू पर निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई जीत सिंह ने पुलिस को बताया कि नेगी राणा ढांजू नाला सड़क के किनारे ढाबा चलाता था। इन दिनों मटर का सीजन होने के कारण वह रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मोटरसाइकिल (एचपी-44-3332) से ढाबे के लिए निकला था। रात करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने पर परिजन ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा था और मोटरसाइकिल भी नहीं मिली।

इसके बाद परिजन मध्यरात्रि तक भारी बारिश के बीच उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने जुकयानी स्विचयार्ड से शाली गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर तलाश शुरू की। बैरा नदी से ऊपर जंगल के रास्ते में नेगी राणा का शव रास्ते के बीच मुंह के बल पड़ा मिला। सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट थी और खून निकला हुआ था। दाहिनी बाजू पर भी चोट के निशान पाए गए।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर से फोरेंसिक टीम बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए जो जांच का हिस्सा होंगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि नूरपुर से फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की जांच जारी है।