चौगान में बढ़ी रौनक, व्यापारियों ने सजाई दुकानें

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के शुभारंभ के साथ ही चंबा में आस्था, संस्कृति और कारोबार का संगम देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे व्यापा...

चौगान में बढ़ी रौनक, व्यापारियों ने सजाई दुकानें

चौगान में बढ़ी रौनक, व्यापारियों ने सजाई दुकानें

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के शुभारंभ के साथ ही चंबा में आस्था, संस्कृति और कारोबार का संगम देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे व्यापारियों ने रविवार को अपने स्टाल सजाने शुरू कर दिए, जिससे चौगान में व्यापारिक गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली। अब नौ अगस्त तक मेले में खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रहेगी। मिंजर मेले के लिए पूरे शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। चौगान नंबर एक, दो और चार में व्यापारिक स्टाल लगाए गए हैं, जबकि चौगान नंबर तीन में झूले और मनोरंजन के साधन लोगों का आकर्षण बने हुए हैं। मेले में कई नामी कंपनियों ने भी अपने स्टाल लगाए हैं।

पहले दिन भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मेले के रंग चढऩे के साथ खरीदारों की संख्या बढ़ेगी। मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर अस्थायी नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान चौगान में हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए एंटी गुंडा स्क्वॉड भी तैनात किया गया है। मिंजर मेले के आगाज के साथ ही चौगान और बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से पूरे चंबा शहर में उत्सव का माहौल बन गया है।