नकल में शामिल परीक्षार्थियों व अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले निरीक्षकों के खिलाफ हो कड़ी से कड़ी कार्रवाई पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अभ...
चंबा में डीसी से मिले अभ्यर्थी, बोले- निरीक्षकों के सामने पुलिस भर्ती परीक्षा में होती रही नकल
नकल में शामिल परीक्षार्थियों व अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले निरीक्षकों के खिलाफ हो कड़ी से कड़ी कार्रवाई
पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों ने धांधली और नकल करवाने के आरोप लगाए हैं। अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को इस सिलसिले में उपायुक्त से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर जांच करवाने की मांग की। अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि 15 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान जिले समेत प्रदेश के कई परीक्षा केंद्रों पर कई परीक्षार्थी सामूहिक रूप से नकल करते पाए गए। हैरानी की बात है कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात निरीक्षकों ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई और न ही कार्रवाई की। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी संबंधित परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच करवाई जाए। युवक-युवतियों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी संबंधित परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक किया जाए। नकल में शामिल परीक्षार्थियों व अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले निरीक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अपनों को लाभ देने के लिए प्रदेश के 18 परीक्षा केंद्रों में जमकर करवाई गई नकल
सरकारी नौकरी के लिए घर से दूर रहकर दो साल से तैयार कर रही काजल ने रोते बिखलते हुए कहा कि नकलचियों को तवज्जो देना अन्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है। युवती ने कहा कि परीक्षा केंद्र में जमकर होने वाली नकल ने उनकी मेहनत पर पानी फेर कर रख दिया है। उनके परीक्षा केंद्र में परीक्षा से ठीक पांच मिनट बाद बिजली गुल हो गई और परीक्षा खत्म होने के पांच मिनट पहले आई। इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र में एंट्री का समय साढ़े दस बजे निर्धारित रहा। एक युवती पौने ग्यारह बजे परीक्षा केंद्र में पहुंची। जिसकी न तो कोई तलाशी ली गई और न ही उसे परीक्षा देने से रोका गया। अपनों को लाभ देने के लिए प्रदेश के 18 परीक्षा केंद्रों में जमकर नकल करवाई गई है।