राजधानी शिमला के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक सडक़ हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मृतक का बेटा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादस...
खाई में गिरी कार, पिता-बेटी की मौत, ननखड़ी-पुनन सडक़ पर पेश आया हादसा, बेटा-ड्राइवर घायल
राजधानी शिमला के ननखड़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक सडक़ हादसे में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मृतक का बेटा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ननखड़ी-पुनन सडक़ पर ननखड़ी चौक से आगे जंगल क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना का पता शनिवार आधी रात के बाद चला। कार में कुल चार लोग सवार थे, जो रात के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुनन के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सडक़ से नीचे गहरी खाई में लुढक़ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को घटनास्थल पर सफेद रंग की कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। हादसे में 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी 16 वर्षीय बेटी आकृति की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र के लौहटी गांव के रहने वाले थे। हादसे में कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरव गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक 55 वर्षीय सतपाल भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। दोनों घायलों को आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार चालक सतपाल निवासी लौहटी, ननखड़ी वाहन चला रहा था। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। थाना ननखड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।