कबड्डी विश्व कप खेलेगी चुराह की चम्पा, भारतीय टीम में हुआ चयन

हिमाचल की तरफ से डिफैंडर के तौर पर खेलने वाली चम्पा का प्रदर्शन रहा बेहतरीन  दूसरे महिला कबड्डी विश्व कप में आकांक्षी उपमंडल चुराह की बेटी चंप...

कबड्डी विश्व कप खेलेगी चुराह की चम्पा, भारतीय टीम में हुआ चयन

कबड्डी विश्व कप खेलेगी चुराह की चम्पा, भारतीय टीम में हुआ चयन

हिमाचल की तरफ से डिफैंडर के तौर पर खेलने वाली चम्पा का प्रदर्शन रहा बेहतरीन 

दूसरे महिला कबड्डी विश्व कप में आकांक्षी उपमंडल चुराह की बेटी चंपा ठाकुर अब भारतीय जर्सी में नजर आएंगी। बेहतर प्रदर्शन के बलबूते चम्पा का चयन भारतीय महिला टीम के लिए हो गया। उसके चयन पर जिला चम्बा में खुशी का माहौल है। हाल ही में हुए अंतिम कोचिंग कैंप में देश के कई खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। इसमें देश भर से कई बेहतरीन महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस कैम्प में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भारतीय महिला टीम के लिए चुना गया। इसमें चुराह की चम्पा ठाकुर भी शामिल हैं। हिमाचल की तरफ से डिफैंडर के तौर पर खेलने वाली चम्पा का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। भारतीय टीम के लिए भी वह डिफैंडर के लिए मेहनत कर रही है। महिला कबड्डी विश्व कप बंगलादेश में होने जा रहा है। गौरतलब है कि हिमाचल महिला टीम में बतौर डिफैंडर के रूप में चम्पा खेलती है। डिफैंडर के तौर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लिए कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कई बार हिमाचल टीम हो कई पदक भी दिलाए हैं। इंडिया कैम्प में उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। ऐसे में भारतीय टीम में उनके चयन से जिला के कबड्डी खिलाड़ियों को नई दिशा मिलेगी।

आकांक्षी जिला के आकांक्षी ब्लॉक की बेटी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आएंगी नजर 

उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत बघेईगढ़ से संबंध रखने वाली चम्पा ठाकुर काफी समय से हिमाचल टीम के लिए खेलती आ रही है। यह गर्व की बात है कि आकांक्षी जिला के आकांक्षी ब्लॉक की बेटी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नजर आएगी। पहले ही वह प्रदेश के लिए खेल रही है। चंपा ने बताया कि उसका सपना था कि वह भारतीय टीम के लिए खेले। उसने बताया कि वह देश के लिए पूरी लगन से खेलेगी और भारत को जीत दिलाएगी। प्रदेश सहित जिला चम्बा के लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस विश्वकप में भारत की टीम जीतेगी। यह विश्व कप पहले भारत में होना तय था। इसके लिए दो बार महिलाओं का फाइनल कैंप में लग चुका है। इसके बाद बंगलादेश को इसकी मेजबानी मिली। चम्पा ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर चुराह क्षेत्र के नामी पहलवानों में से एक हैं। जिला सहित प्रदेश के दंगल मेलों में कुश्ती करते हैं। कुश्ती से ही वह अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। अपने बच्चों को भी उन्होंने खेलों के क्षेत्र में डाला। यही नहीं इनका बेटा सुमित ठाकुर भी कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेता है। छोटी उम्र में वह बड़े-बड़े पहलवानों को पटकनी देता है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल को बनाया है चैंपियन

राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चम्पा ठाकुर का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। लगातार तीन राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन बनी हिमाचल टीम में चम्पा भी शामिल रही है। इससे पहले 2019 में बिहार में कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल के लिए गोल्ड मैडल हासिल किया। ये ही नहीं इस दौरान चम्पा बैस्ट प्लेयर भी चुनी गई। 2021 में तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लिया। वर्ष 2022 में पटना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी भाग लिया और विजेता बनी। हाल ही में आयोजित हुई राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल की तरफ से खेलते हुए हरियाणा को हराकर चैंपियन बनी थी। इसके साथ कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।