चंबा स्कूल में कबड्डी विश्व कप विजेता टीम की सदस्य चंपा ठाकुर के सम्मान में कार्यक्रम, दिया सम्मान राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा...
चंपा ठाकुर ने उपायुक्त संग काटा केक
चंबा स्कूल में कबड्डी विश्व कप विजेता टीम की सदस्य चंपा ठाकुर के सम्मान में कार्यक्रम, दिया सम्मान
राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में मंगलवार को कबड्डी विश्व कप विजेता टीम की सदस्य चंपा ठाकुर के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर चंबा विकास महाजन, शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक चंबा बलवीर सिंह और शिक्षा उपनिदेशक गुणवत्ता चंबा भाग सिंह विशेष तौर से मौजूद रहे। समारोह के दौरान उपायुक्त ने चंपा ठाकुर को शाल व टोपी पहनाकर और चंबा थाल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर चंपा ठाकुर ने उपायुक्त संग केक भी काटा। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि चंपा ने जिला चंबा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। सीमित संसाधनों में कठिन परिश्रम के दम पर चंपा ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले की अन्य युवतियों और किशोरियों को भी चंपा ठाकुर से प्रेरणा लेनी चाहिए। समारोह में चंपा ठाकुर ने छात्राओं को अपने जीवन के संघर्ष के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चंपा ठाकुर ने कहा कि बचपन से उन्हें खेलकूद में काफी रुचि थी। पिता रमेश ठाकुर ने उनकी प्रतिभा को पहचानकर तराशने का कार्य आरंभ किया। उन्होंने वर्ष 2019 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। इसके बाद कभी पीछे मुडकर नहीं देखा। चंपा ठाकुर ने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरित हों घबराएं नहीं। लक्ष्य निर्धारित करें और कठिन परिश्रम करने में जुट जाएं। कठिन परिश्रम से सफलता अवश्य आपके कदम चूमेगी।
विश्वकप जीतने के बाद पहली बार पहुंची चंबा
शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर चंबा विकास महाजन ने भी चंपा ठाकुर का हौंसला बढाने के साथ-साथ अन्य छात्राओं को भी प्रोत्साहित किया। इससे पहले मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य श्रीकला विज ने मुख्यातिथि संग विशेषातिथियों का समारोह में पधारने पर स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि मूल रूप से चुराह के बघेईगढ़ पंचायत की चंपा ठाकुर महिला कबड्डी विश्व कप टीम की सदस्य थी। विश्वकप जीतने के बाद चंपा ठाकुर मंगलवार को पहली मर्तबा जिला मुख्यालय चंबा पहुंची थी। इस मौके पर पाठशाला स्टाफ के अलावा काफी तादाद में छात्राएं मौजूद रहीं।