सिमनी में बादल फटा बरंगाल में भी हुआ लोगों को नुकसान

भारी बरसात ने चंबा जिला में जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। कई रोड ठप पड़े हैं। भूस्खलन ने जनजीवन की रफ्तार रोक दी है। मंगलवार को जिला की भलेई उपतहसील...

सिमनी में बादल फटा बरंगाल में भी हुआ लोगों को नुकसान

सिमनी में बादल फटा बरंगाल में भी हुआ लोगों को नुकसान

भारी बरसात ने चंबा जिला में जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। कई रोड ठप पड़े हैं। भूस्खलन ने जनजीवन की रफ्तार रोक दी है। मंगलवार को जिला की भलेई उपतहसील के तहत बरंगाल और सिमनी पंचायत में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। दोपहर करीब 12 बजे बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। बादल फटने से यहां कुछ घरों को नुकसान पहुंचा है। पानी व मलबे की चपेट में आने से यहां एक वर्षाशालिका को क्षति पहुंची है। बरंगाल पंचायत में जीप योग्य सडक़ को नुकसान पहुंचा है व चार छोटे पुल टूट गए हैं। बरंगाल में भी काफी नुक्सान हुआ। बताते हैं कि यहां लोगों के घरों के अन्दर पानी व कीचड़ भर गया। घरों के अन्दर रखे सामान का काफी नुकसान हुआ है। गांववासियों ने गौशालाओं में बंधे अपने मवेशियों को भी काफी मुश्किल से बचाया, मगर बरसात के कहर से लोग सहमे हुए हैं। बताया जा रहा है कि साहला गांव में छह से सात घर भूस्खलन की चपेट में आकर खतरे में हैं। इन घरों से लोग पलायन कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वहीं पंचायत में सडक़ किनारे खड़ी एक जेसीबी मशीन पर भी पहाड़ी से मलबा आ गिरा।

पंचायत प्रधान मीना ठाकुर ने भलेई मंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष कमल ठाकुर के साथ मौका पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इन जन प्रतिनिधियों ने प्रशासन से प्रभावितों की हर संभव मदद की मांग की है। डलहौजी व सलूणी उपमंडल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में काफी नुक्सान हुआ है। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग कटोरी बंगला, केरू पहाड़, तुनुहट्टी, पंजपुला, लाहड, बनीखेत, नालडा पुल, पटना मोड़, गोली सहित विभिन्न स्थानों पर पहाडिय़ों के दरकने से मलबा, चट्टानें व पेड़ आ गिरने से अवरूद्ध होता रहा। दूसरी ओर डलहौजी उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मलुडा में मंगलवार को भी तीन से चार घरों को नुकसान पहुंचा। पंचायत के बोंखरी मोड़ नामक स्थान पर भूस्खलन के कारण जमीन में गहरी दरारें आ जाने से यहां स्थित एक बहुमंजिला इमारत सहित दो से तीन अन्य घर खतरे की जद में आ गए हैं। उपमंडल डलहौजी के ककीयाना गांव में भी काफी नुक्सान हुआ है। यहां 10 गौशालाएं ढह गई हैं, जिससे कि लोगों को काफी नुक्सान हुआ है।