हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 2623 करोड़ का नुकसान हो चुका है। वहीं, वीरवार के मौसम के हाल की बात करें तो पांच जिलों ऊना, हमीरपुर,...
हिमाचल में इस मानसून सीजन में 42 जगह फटे बादल, 2623 करोड़ का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 2623 करोड़ का नुकसान हो चुका है। वहीं, वीरवार के मौसम के हाल की बात करें तो पांच जिलों ऊना, हमीरपुर, मंडी, शिमला और सिरमौर के कई क्षेत्रों में वीरवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-भूस्खलन से तबाही का दौर जारी है। बुधवार को चंबा जिले में दो जगह भूस्खलन से भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लापता हैं। भरमौर के होली क्षेत्र के हलूण गांव में नाले में बाढ़ आने से नौ घरों के बहने की सूचना है। हालांकि, प्रशासनिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मणिमहेश यात्रा पर गए करीब 20,000 श्रद्धालु जगह-जगह फंसे हैं। घायल छह श्रद्धालुओं को भरमौर से चंबा मेडिकल कॉलेज में एयरलिफ्ट किया गया है। उधर, रावी नदी उफान पर है और आसपास के घर खाली करवाए गए हैं।
चंबा जिले में तीसरे दिन भी मोबाइल व इंटरनेट सेवाएं ठप रहीं। शहर में 28 घंटे बाद बिजली बहाल हुई। भरमौर-पठानकोट हाईवे समेत अन्य जगहों पर सड़कें बंद होने से जरूरी चीजों की सप्लाई तीन दिन से बंद है। पानी और गैस सिलिंडर का संकट है। चंबा जिला मुख्यालय से सटी बसोधन पंचायत में एक भाई और बहन भूस्खलन की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गए। दोनों घर के पास हो रहे भूस्खलन को देखने के लिए जैसे ही बाहर निकले, मलबा अचानक उन पर आ गिरा। मैहला विकास खंड के तहत भिमला पंचायत में चार महिलाएं घर के पास काम कर रही थीं। अचानक पहाड़ी से मलबे की चपेट में आ गईं। इसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हैं। मैहला विकास खंड में दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
लगातार तीन दिन बारिश के बाद बुधवार को कुल्लू-लाहौल में मौसम साफ रहा। कुल्लू-मनाली हाईवे-तीन के साथ सड़कों व बिजली-पानी की बहाली का काम तेजी से शुरू कर दिया है। मनाली और लाहौल घाटी अभी देश-दुनिया से कटी है। प्रशासन ने कुल्लू से मनाली के अलेऊ तक वामतट सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। कुल्लू से मनाली के बीच एनएच को बहाल करना चुनौती है। बागवान चौथे दिन भी सेब को तुड़ान नहीं कर पाए और मंडियों में सन्नाटा पसरा रहा। मनाली व लाहौल में बिजली व इंटरनेट सेवा के साथ दूरसंचार सेवा बंद रही। मनाली में फंसे सैलानियों से परिजनों की बातचीत नहीं हो पा रही है। हालांकि, सभी सैलानी यहां सुरक्षित हैं। जिले में 100 से अधिक मुख्य व ग्रामीण सड़कें बंद हैं। बंजार से लेकर मनाली व लाहौल तक सैकड़ों गांवों में अंधेरा पसरा है। कुल्लू शहर में तीन दिनों से पानी नहीं आ रहा है। जिला में 80 के करीब योजनाएं प्रभावित हैं।