मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार 2 अक्तूबर को गांधी जयंती पर अपना परिवार, सुखी परिवार योजना लांच करेगी। इस योजना के तहत दो लाख...
सीएम सुक्खू बोले- दो लाख परिवारों को गांधी जयंती से मिलेंगे 1500-1500 रुपये, 300 यूनिट मुफ्त बिजली
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार 2 अक्तूबर को गांधी जयंती पर अपना परिवार, सुखी परिवार योजना लांच करेगी। इस योजना के तहत दो लाख पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। सोमवार शाम को दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने विधानसभा सदन में यह घोषणा नियम 130 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा के दौरान की।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टरों के पद भरेगी। इसके अलावा दिसंबर से मार्च के बीच प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नर्सों के सभी रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मेडिकल काॅलेजों में मशीनरियां और उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। आईजीएमसी, चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेज बेस्ट काॅलेजों में गिने जाएंगे। उधर, विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 300 यूनिट निशुल्क बिजली देने और इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना के तहत 1500-1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को एक साथ गांधी जयंती से शुरू किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से इस संबंध में पात्र परिवारों का चयन कर लिया गया है। इन दोनों योजनाओं को अब अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत शामिल कर एक साथ पूरे प्रदेश में शुरू किया जाएगा।