घायल दंपती का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में किया गया चुराह उपमंडल के चाचुल गांव में पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। इसम...
चुराह में दंपती पर पत्थरों से हमला, दोनों घायल
घायल दंपती का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में किया गया
चुराह उपमंडल के चाचुल गांव में पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि उसकी पत्नी को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता भोट्टू पुत्र शमशादीन निवासी गांव चाचुल डाकघर सनवाल तहसील चुराह ने तीसा थाना में शिकायत दी है कि 16 अक्तूबर की शाम लगभग 7 बजे वे अपने घर पर भोजन कर रहे थे। तभी उसने अपने घर के ऊपर से कुछ शोर सुना। उसने पत्नी को बाहर जाकर देखने के लिए कहा। तब अचानक बाहर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। डर के मारे दोनों अंदर लौट आए। शिकायतकर्ता के अनुसार गांव के ही यासीन पुत्र अली मुहम्मद, भोटी, अमीना और शब्बीर ने मिलकर उन दोनों पर हमला किया। घटना में उसे दाहिने पैर में चोटें आईं, जबकि उसकी पत्नी की पीठ और पैर पर चोटें आईं हैं। घायल दंपती का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में किया गया। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।