मिलावटखोरों पर शिकंजा… साढ़े चार क्विंटल मिठाई नष्ट

रक्षाबंधन और त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग चंबा ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सहायक आयुक्त दीपक आनंद की अगुवा...

मिलावटखोरों पर शिकंजा… साढ़े चार क्विंटल मिठाई नष्ट

मिलावटखोरों पर शिकंजा… साढ़े चार क्विंटल मिठाई नष्ट

रक्षाबंधन और त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग चंबा ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सहायक आयुक्त दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चंबा-पठानकोट एनएच पर नाकाबंदी कर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पड़ोसी राज्य पंजाब से आ रही एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब 7 से 8 क्विंटल मिठाई लदी मिली। जांच के दौरान मिठाई अत्यधिक रंगयुक्त, बासी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई गई। इसके अलावा मिठाई को जंग लगे बर्तनों और अस्वास्थ्यकर कंटेनरों में भरकर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 4.5 क्विंटल खराब मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवा दिया और संबंधित सप्लायर को कड़ी चेतावनी जारी की। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन का त्योहार संपन्न होने तक सघन जांच अभियान और नाकाबंदी जारी रहेगी।

व्यापारी एनालॉग पनीर की न करें बिक्री
सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने बताया कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं और खाद्य कारोबारियों से केवल शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री का प्रयोग न करें, जिसे वे स्वयं खाने योग्य न समझें। साथ उन्होंने व्यापारियों को एनालॉग पनीर की बिक्री न करने की सख्त चेतावनी दी।