जंग की आंच रसोई तक पहुंच चुकी है। ईरान-अमेरिका और इस्राइल के बीच युद्ध का असर पहाड़ की शांत वादियों में इस कद्र दिखने लगा है कि चूल्हा जलाने के लिए लो...
बनीखेत में सिलिंडर रिफिल करवाने के लिए उमड़ी भीड़
जंग की आंच रसोई तक पहुंच चुकी है। ईरान-अमेरिका और इस्राइल के बीच युद्ध का असर पहाड़ की शांत वादियों में इस कद्र दिखने लगा है कि चूल्हा जलाने के लिए लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा।
बनीखेत बाजार में ठंड के बीच सुबह ही गैस सिलिंडर लेने के लिए लोगों की कतारें लग गईं। वजह एक ही थी कि घर में चूल्हा जलाने के लिए किसी तरह सिलिंडर मिल जाए। इतनी अधिक संख्या में लोग जुट गए थे कि स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस का दल तैनात करना पड़ा। पुलिस के लिए भी लोगों को नियंत्रित करने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
वीरवार को सुबह 10 बजे बनीखेत बाजार और ज्वाला माता चौक में घरेलू गैस सिलिंडर रिफिल करवाने के लिए लोग जुटने शुरू हो गए। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई। दोपहर 12 बजे तक लोगाें की कतारें लग गईं। लोगों की भीड़ अनियंत्रित न हो, इसलिए पुलिस टीम ने मोर्चा संभाल लिया। सीमित सिलिंडरों के आगे सिलिंडर रिफिल करवाने वालों की भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस बल के लिए भी कड़ी चुनौती बनता नजर आया। ओटीपी, बुकिंग नंबर और ऑनलाइन अपडेट के जरिये उपभोक्ताओं के गैस सिलिंडर रिफिल किए गए। यह क्रम दोपहर बाद तक चलता रहा।
गैस सिलिंडर रिफिल करवाने के लिए पहुंचे माधो राम, योगराज, संजीव कुमार, हरीश कुमार, अमित कुमार, बीना देवी, मधु, रजनी देवी और नीतिका ने बताया कि बनीखेत में गैस सप्लाई के निर्धारित दिन वीरवार को बनीखेत बाजार और ज्वाला माता चौक पर गैस सप्लाई की गाड़ी पहुंची। गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे लोगों की भीड़ बढ़ती दिख आखिरकार पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों को एक-एक कर सिलिंडर रिफिल करवाने को लेकर चेताते हुए उक्त स्थान पर हो-हल्ला न करने की हिदायत दी। बनीखेत में दो स्थानों पर डलहौजी गैस सर्विस की गाड़ी पहुंची। आखिरकार सभी उपभोक्ता अपने सिलिंडर रिफिल करवाकर राहत भरी सांस लेकर अपने घरों को रवाना हुए। एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर आवंटन को लेकर तिथियां और स्थान निर्धारित किए गए हैं।