सलूणी के गांव एहनी में भारी बारिश से आए मलबे ने ग्रामीणों की बढ़ा दी परेशानी उपमंडल सलूणी के गांव एहनी में भारी बारिश से आए मलबे ने ग्रामीणों...
सलूणी में घरों पर मंडराया खतरा, मलबा हटाने में जुटे लोग
सलूणी के गांव एहनी में भारी बारिश से आए मलबे ने ग्रामीणों की बढ़ा दी परेशानी
उपमंडल सलूणी के गांव एहनी में भारी बारिश से आए मलबे ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। गांव के निवासी भरतु और करतार के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने इन परिवारों को घर खाली करवाकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। उधर, एसडीएम सलूणी चंद्रबीर सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और जरूरत पड़ने पर राहत सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं, ग्रामीण अपने स्तर पर घरों से मलबा हटाने में जुटे हुए हैं।
सलूणी उपमंडल में जनजीवन अस्त-व्यस्त
सलूणी उपमंडल में लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हिंगरी, डियर, लेंगेरा, भांडल और किहार के लोगों के लिए सलूणी और चंबा पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। सड़क मार्ग ठप पड़ने से बाजारों की रौनक भी गायब हो गई है।
15 हजार लोग सड़क बंद होने से परेशान
ग्राम पंचायत सलूणी, सूरी, खरल और किलोड़ के लगभग 15 हजार लोग पिछले कई दिनों से सलूणी-किलोड़ सड़क बंद होने के कारण परेशान हैं। उधर, एसडीओ पीडब्ल्यूडी हिमांशु वर्मा ने आश्वासन दिया है कि मार्ग को जल्द खोल दिया जाएगा।