निजी बस चालक और परिचालक की एक दंपती और उनके साथ लाठियां लेकर आए लोगों ने पिटाई कर दी। आरोपियों ने तोड़-फोड़कर बस को अवैध रूप से कब्जे में ले लिया। आर...
चालक और परिचालक पीटे, कब्जे में ली निजी बस, बैग से दस हजार रुपये निकाले
निजी बस चालक और परिचालक की एक दंपती और उनके साथ लाठियां लेकर आए लोगों ने पिटाई कर दी। आरोपियों ने तोड़-फोड़कर बस को अवैध रूप से कब्जे में ले लिया।
आरोपियों पर परिचालक के बैग से दस हजार रुपये निकालने का भी आरोप हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बस के मालिक पवन कुमार निवासी हरिपुर डाकघर सरोल ने बताया कि उन्होंने नवीन कुमार गांव हमरोटा डाकघर राजनगर से सात साल पहले निजी बस खरीदी है। उसे पूरी राशि का भुगतान कर दिया है लेकिन अभी तक नवीन कुमार ने उनके नाम पर बस हस्तांतरित नहीं की हैं। उन्होंने बताया कि यह बस चंबा-चकलू रूट पर बीते सात साल से चल रही है। 31 मार्च को सुबह 10:30 बजे जब बस चकलू से चंबा की ओर आ रही थी तो अचानक नवीन कुमार अपने निजी वाहन में सवार होकर आया और बस के आगे वाहन खड़ा कर दिया। आरोप लगाया कि आरोपी के साथ उसकी पत्नी समेत करीब साठ लोग थे। उनके हाथों में धारदार हथियार और लाठियां थीं। उसने चालक को गर्दन से पकड़ कर बस से उतारा और पिटाई शुरू कर दी। परिचालक को भी पीटा। इसके बाद बस में तोड़-फोड़ की और जबरन बस को अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिया। आरोप लगाया कि आरोपी उनके बैग से दस हजार रुपये निकाल ले गए हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों पक्षों को थाने में तलब किया है।