डीएसपी ने जांची ट्रैफिक व्यवस्था

पर्यटन नगरी डलहौजी में ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। गुरुवार को डीएसपी मयंक शर्मा ने बारिश क...

डीएसपी ने जांची ट्रैफिक व्यवस्था

डीएसपी ने जांची ट्रैफिक व्यवस्था

पर्यटन नगरी डलहौजी में ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। गुरुवार को डीएसपी मयंक शर्मा ने बारिश के बीच खुद सडक़ों पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम कार्यालय, स्थानीय सिविल अस्पताल से लेकर कोर्ट रोड तक ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पैदल निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने उन स्थानों को भी चिंहित किया जहां सडक संकरी होने के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका बनी रहती है। उन्होंने ऐसे स्थानों पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए ताकि अस्पताल, एसडीएम कार्यालय और सदर बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन प्वाइंट पर कोन व बैरिकेड लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सुभाष चौक क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाए रखने के लिए भी विशेष रूप से मंथन किया गया।

मौके पर ही विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के लिए स्थानों का चयन किया गया, जिससे बाहरी पर्यटकों को ट्रैफिक व्यवस्था समझने में आसानी हो सके। गौरतलब है कि बीते वर्ष क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या पर भारी पर्यटक भीड के बावजूद डलहौजी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित बनी रही थी। डीएसपी मयंक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने बेहतरीन तालमेल, सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संभाला था। इस उत्कृष्ट व्यवस्था की स्थानीय लोगों, पर्यटन कारोबारियों और देश-विदेश से आए पर्यटकों ने खुले दिल से सराहना की, जिससे डलहौजी की छवि एक सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल गंतव्य के रूप में और भी सशक्त हुई।