जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों में बढ़ते असंतोष के बीच चंबा कॉलेज का प्रशिक्षण शिविर अचानक विरोध का केंद्र बन गया, जहां शिक्षकों ने ऑफ ऑवर ड्यूटी को अव...
प्रशिक्षण की जगह विरोध की गूंज, दो घंटे तक ठप रहा जनगणना कार्यक्रम
जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों में बढ़ते असंतोष के बीच चंबा कॉलेज का प्रशिक्षण शिविर अचानक विरोध का केंद्र बन गया, जहां शिक्षकों ने ऑफ ऑवर ड्यूटी को अव्यावहारिक बताते हुए प्रशिक्षण का बहिष्कार कर दिया और हालात ऐसे बने कि तहसीलदार के आश्वासन के बाद ही माहौल सामान्य होकर प्रशिक्षण दोबारा शुरू हो सका। प्रशिक्षण शिविर में 100 शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दूसरे दिन दो घंटे तक बहिष्कार किया गया।दिन : सोमवार। समय : सुबह 10 बजे। स्थान : राजकीय महाविद्यालय चंबा। कॉलेज का जनगणना प्रशिक्षण हॉल पूरी तरह खाली है। प्रशिक्षण लेने आए शिक्षक कॉलेज परिसर में हैं। प्रशिक्षण के लिए कोई भी शिक्षक हॉल के भीतर नहीं जा रहा है। शिक्षक अपनी मांगों पर अड़े हैं। शिक्षकों के मुताबिक स्कूल समय के बाद जनगणना का कार्य करना मुश्किल है। शिक्षकों के बहिष्कार की सूचना प्रशासन तक पहुंच गई है। 11:10 मिनट पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों की मांगों को सुना और इसे प्रशासन के समक्ष पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद समस्त शिक्षक और कर्मचारी जनगणना प्रशिक्षण हॉल में पहुंचे और दूसरे दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से आदेश दिए हैं कि स्कूल ऑफ ऑवर के बाद शिक्षक जनगणना का कार्य निपटाएं लेकिन जारी इन आदेशों का शिक्षक वर्ग ने विरोध किया है। इन आदेशों को निरस्त करने की भी मांग की है।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि शिक्षकों के जनगणना प्रशिक्षण के बहिष्कार की सूचना मिली थी। शिक्षकों की मांगों को सुना जा रहा है। मौके पर तहसीलदार को भेजकर प्रशिक्षण शिविर दोबारा शुरू करवाया गया है।