जनजातीय क्षेत्र पांगी में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मिनी सच...
चुनाव की हलचल…पांगी के 15791 मतदाता देंगे वोट
जनजातीय क्षेत्र पांगी में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में जिला परिषद, पंचायत समिति तथा पंचायत प्रतिनिधियों के निर्वाचन हेतु दूसरी रिहर्सल आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं आवासीय आयुक्त पांगी, अमनदीप सिंह ने की। उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्र पांगी में कुल 19 ग्राम पंचायतों में प्रधान/उपप्रधान, 97 वार्ड सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य तथा एक जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन हेतु 15791 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पांगी में 26 एवं 28 मई को दो चरणों में होने वाले पंचायती चुनाव के लिए 97 मतदान बूथ और 52 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे चुनाव आचार संहिता का पूर्णत: पालन सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन कार्यों के प्रत्येक चरण को गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में आयोजित किए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों को भली-भांति समझते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य करने पर भी बल दिया, जिससे किसी भी प्रकार की द्बशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी योगेश कुमार ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया, नामांकन पत्रों की जांच ‘स्क्रूटनी’, मतदान व्यवस्था, मतगणना तथा परिणाम घोषणा से संबंधित दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कडाई से पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। रिहर्सल के दौरान सहायक पीठासीन अधिकारियों को नामांकन से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर तहसीलदार संदीप कुमार, वनमंडलाधिकारी रवि गुलेरिया, नायब तहसीलदार सीता राम, सेक्टर अधिकारी, नोडल अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।