उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन...
चंबा में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 5 करोड़ से मजबूत होगी सडक़ सुरक्षा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। मुकेश अग्निहोत्री शनिवार को ऐतिहासिक चौगान में आयोजित 80वें जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के अधिकार का मामला अब सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वोच्च न्यायालय हिमाचल के हकों के पक्ष में फैसला देगा और प्रदेश को उसका उचित हिस्सा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली मौतों को गंभीरता से लेते हुए चंबा को सडक़ सुरक्षा के लिए पायलट जिला बनाया गया है।
इसके लिए पांच करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। डेटा आधारित सडक़ सुरक्षा उपायों को अपनाकर दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली मौतों को न्यूनतम करने के प्रयास किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। चंबा के विकास के लिए सडक़, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चंबा-चुवाड़ी के बीच 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण करीब 4,594 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके बनने से दोनों स्थानों के बीच दूरी करीब 26 किलोमीटर कम हो जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। उन्होंने लोगों से विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। समारोह में विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, राज्य पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अमित भरमौरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा कुमारी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अधिकारियों-कर्मचारियों, संस्थाओं और समाजसेवियों को मिला सम्मान
उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, वन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, एसपीओ, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग कॉलेज, होटल प्रबंधन संस्थान डीआईआईएचएम तथा एनएफसीआई की 17 महिला एवं पुरुष टुकडिय़ों के मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड की अगुवाई लेडी इंस्पेक्टर पंकज ने की। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, संस्थाओं और समाजसेवियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।