चंबा-साहो मार्ग पर विद्युत बोर्ड की आवासीय कॉलोनी के पास सड़क की बदहाली राहगीरों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए परेशानी बन गई है। सड़क पर जगह-जगह प...
गड्ढों में गंदा पानी, राहगीरों और स्कूली बच्चों का गुजरना मुश्किल
चंबा-साहो मार्ग पर विद्युत बोर्ड की आवासीय कॉलोनी के पास सड़क की बदहाली राहगीरों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए परेशानी बन गई है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों में बारिश और निकासी का पानी जमा है। गंदे पानी से भरे गड्ढों से होकर पैदल गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण अमित कुमार, किशन चंद, राजीव कुमार, आरती देवी, मिनाक्षी देवी, अनीता देवी और सीमा देवी ने बताया कि कुछ माह पहले सड़क के कई हिस्सों में तारकोल डालकर गड्ढे भरे गए थे। हालांकि मरम्मत के कुछ समय बाद ही सड़क दोबारा उखड़ने लगी। इससे पैचवर्क की गुणवत्ता और उसके टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं। राहगीरों के अनुसार गड्ढों से वाहन गुजरने पर पानी के छींटे आसपास से गुजर रहे लोगों और स्कूली विद्यार्थियों पर पड़ते हैं। इससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग पर यातायात का दबाव रहता है, ऐसे में गड्ढों को जल्द भरना जरूरी है।