चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी में नेगी राम हत्याकांड की जांच से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को अटल चौक के पास करीब पांच...
हत्याकांड के विरोध में पांच घंटे चक्का जाम
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी में नेगी राम हत्याकांड की जांच से असंतुष्ट परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को अटल चौक के पास करीब पांच घंटे चक्का जाम किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चक्का जाम के कारण सडक़ के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। तीसा उपमंडल के विभिन्न रूटों पर दोपहर बाद तक निजी और सरकारी बसों की आवाजाही भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब साढ़े तीन बजे पुलिस की ओर से संदेह के दायरे में आए लोगों को पूछताछ के लिए बुलाने तथा पॉलीग्राफ टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इसके बाद परिजन और ग्रामीण सडक़ से हटे। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जुकयानी क्षेत्र में नेगी राम का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने के लिए पुलिस टीम शिमला गई हुई है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि वे पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उनका दावा है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर और तीसा थाना प्रभारी देवराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और विभिन्न मार्गों पर यातायात बहाल हो पाया।