ढली मंडी पहुंची मटर की पांच हजार बोरियां

राजधानी की सब्जी मंडी ढली में इन दिनों मटर के सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को ढली मंडी में करसोग, ठियोग, कोटखाई, जुब्बल, सुन्नी और बसंतपुर क्षेत्...

ढली मंडी पहुंची मटर की पांच हजार बोरियां

ढली मंडी पहुंची मटर की पांच हजार बोरियां

राजधानी की सब्जी मंडी ढली में इन दिनों मटर के सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को ढली मंडी में करसोग, ठियोग, कोटखाई, जुब्बल, सुन्नी और बसंतपुर क्षेत्र से करीब 5 हजार से ज्यादा बोरियां सब्जी मंडी पहुंची हैं। वहीं किसानों को भी इसके अच्छे दाम मिल रहे हैं। रविवार को भी 50 से 70 रुपए तक के दाम किसानों को मिले हैं। इससे जहां किसानों की मेहनत का पूरा दाम मिल रहा है वहीं आढ़तियों को भी काफी लाभ मिल रहा है। क्योंकि इन दिनों बाहरी राज्यों की मंडी से सीजन के शुरूआत में ही मटर की भारी डिमांड चल रही है। ढली मंडी इस डिमांड को अभी पूरा नहीं कर पा रही है। दरअसल अभी सीजन शुरू ही हुआ है इस कारण से अभी शुरूआत तौर पर कम ही फसल मंडी तक पहुंच रही है। मंडी के आढ़तियों का कहना है कि अब मटर के सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। मंडी में जहां प्रतिदिन 2000 से लेकर 2500 मटर की बोरियां पहुंचा रही हैं।

वहीं रविवार को भी करीब 5 हजार बोरियां मंडी पहुंची है। आढ़तियों का कहना है कि बाहरी राज्यों में पहाड़ी मटर की मांग अधिक है। इसके चलते अभी दामों में कोई बड़ा बदलाव नहीं आ रहा है। मांग अधिक होने से किसानों को फसल के दाम भी अच्छे मिल रहे हैं। मटर 50 से 70 रुपये प्रतिकिलो तक बिका। अच्छी फसल के दाम 75 रुपये प्रतिकिलो तक भी मिले। वहीं शनिवार को महीने के लास्ट शनिवार होने से मंडी बंद थी। ऐसे में शनिवार और रविवार दोनों दिन के मटर की फसल एक साथ आई है। ऐसे में दोपहर तक ही करीब 5 हजार बोरियां मंडी में पहुंची हैं, हालांकि सोमवार को आंकड़ा बढ़ भी सकता है। आढ़तियों ने बताया कि पहाड़ी मटर की सप्लाई दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत, मुंबई और गुजरात के बड़े शहरों को जा रही है। किसानों को फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। आढ़तियों ने बताया कि अभी मटर और फूलगोभी मंडी में आ रही है। फूलगोभी 26 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी है। करसोग, शिमला के साथ लगते सोलन, सिरमौर, ठियोग, चियोग, फागू, जुन्गा और अन्य क्षेत्रों से फूलगोभी की फसल आ रही है।

मटर के सीजन ने पकड़ी रफ्तार
ढली सब्जी मंडी के सचिव बिट्टू वर्मा ने बताया कि मटर के सीजन ने अब रफ्तार पकड़ ली है। अब रोजाना करीब 2000 से 2500 बोरियां मटर की सब्जी मंडी में आ रही हैं। बाहरी राज्यों में पहाड़ी मटर की काफी मांग है। रेट में कोई बदलाव नहीं आया है। किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।