पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर जून के पहले हफ्ते से दौड़ेंगी पांच ट्रेनें

बरियाल (कांगड़ा)। ऐतिहासिक पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज ट्रैक पर पिछले लंबे समय से निलंबित रेल सेवाएं जून के पहले सप्ताह में बहाल होने की पूरी संभावना...

पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर जून के पहले हफ्ते से दौड़ेंगी पांच ट्रेनें

पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर जून के पहले हफ्ते से दौड़ेंगी पांच ट्रेनें

बरियाल (कांगड़ा)। ऐतिहासिक पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरो गेज ट्रैक पर पिछले लंबे समय से निलंबित रेल सेवाएं जून के पहले सप्ताह में बहाल होने की पूरी संभावना है। उत्तर रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में जारी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों की आचार संहिता हटने के तुरंत बाद पठानकोट से बैजनाथ तक सीधी रेल सेवा शुरू कर दी जाएगी। चक्की खड्ड पर नया पुल बनने और तकनीकी परीक्षण सफल होने के बाद अब केवल आचार संहिता समाप्त होने का इंतजार है। कांगड़ा के सांसद राजीव भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष यह मुद्दा लगातार उठाया है। इसके बाद मंत्री ने जम्मू स्थित अधिकारियों को जून की शुरुआत में पांच ट्रेनें बहाल करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने स्थानीय संघर्ष समिति को आश्वासन दिया है कि यदि 15 दिनों के भीतर ट्रेनें नहीं चलीं तो वे रेलवे बोर्ड के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। बता दें कि अगस्त 2022 में चक्की पुल बहने के बाद से रेल सेवा ठप है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, जहां बस सेवाएं सीमित हैं, लोग इस किफायती साधन की कमी झेल रहे हैं। उत्तर रेलवे दिल्ली के महाप्रबंधक राजेश पांडे ने कहा कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर जून के प्रथम सप्ताह में पांच ट्रेनें बहाल करने की तैयारी है। तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और जल्द ही लोग इस सेवा का लाभ ले सकेंगे। 

ताज़ा खबरें

अधिक देखी जाने वाली खबरें