भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में लोगों का सरकारी बस सेवा से भरोसा उठने लगा है। आए दिन किसी न किसी रूट पर सरकारी बस बीच राह हांफ रही ह...
बीच राह हांफ रहीं सरकारी बसें, परेशान हो रहे यात्री
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में लोगों का सरकारी बस सेवा से भरोसा उठने लगा है। आए दिन किसी न किसी रूट पर सरकारी बस बीच राह हांफ रही है। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं। बुधवार को चंबा-भरमौर-कुगति रूट पर निकली बस कुगति बस स्टैंड में हांफ गई। वीरवार सुबह आठ बजे बस ने चंबा के लिए प्रस्थान करना था लेकिन खराब हालत में बस रवाना नहीं हो सकी। यात्रियों को कुगति से भरमौर तक टैक्सी और उससे आगे बस में सफर करना पड़ा। बस सड़क के बीचोबीच खराब होने से खड़ी थी। इस कारण उसके पीछे जो भी वाहन थे, वे भी आगे नहीं निकल पाए। सबसे ज्यादा परेशानी बरात की गाड़ियों को हुई। उन्हें दोपहर तक का इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा कार्तिक स्वामी मंदिर में दर्शन करने गए श्रद्धालु भी अपनी गाड़ियों को आगे नहीं निकाल पाए। स्थानीय लोगों सुनील कुमार, हंसराज, सुरेश कुमार, अमर चंद, योगराज, केवल कुमार और जितेंद्र कुमार ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र में पहले ही जीवन कठिन होता है। ऐसे हालात में यदि लोगों को सरकारी बस सेवाएं भी नहीं मिलेंगी तो उनकी परेशानी ओर बढ़ जाएगी। आरएम चंबा शुगल सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बस खराब हो गई थी। बस को दुरुस्त करने के लिए मेकेनिक को भेज दिया गया था।