चुराह उपमंडल के नकरोड़-चांजू मार्ग चुरसियो के पास सोमवार दोपहर बाद पहाड़ी दरकने से मलबा व पत्थर आ गिरने से बंद हो गया है। गनीमत यह रही कि पहाड़ी से पत...
चुरसियो के पास दरकी पहाड़ी, आवाजाही ठप
चुराह उपमंडल के नकरोड़-चांजू मार्ग चुरसियो के पास सोमवार दोपहर बाद पहाड़ी दरकने से मलबा व पत्थर आ गिरने से बंद हो गया है। गनीमत यह रही कि पहाड़ी से पत्थर गिरता देख मार्ग पर दौडऩे वाले वाहनों के चालकों ने पहले ही सुरक्षित जगह पनाह ले ली थी। अन्यथा घटना में जान व माल के नुकसान की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। उल्लेखनीय है कि बैसाख की संक्राति को चांजू स्थित दंतुई माता मंदिर में जातर मेले का आयोजन होता है। ऐसे में मार्ग न खुलने की सूरत में श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में मुश्किलें पेश आ सकती है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को खोलने का काम आरंभ कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे चुरसियो के पास अचानक पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने आरंभ हो गए। इसके चलते मार्ग पर दौड़ रहे वाहनों के चालकों ने किसी अनहोनी घटना की आशंका से पहले ही आवाजाही रोक दी। इसी बीच अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। पहाडी दरकने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ है। मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजकर मलबा व पत्थर हटाने का काम आरंभ कर दिया गया है। देर शाम तक मार्ग के दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खुलने की उम्मीद है।
सहायक अभियंता के बोल
लोक निर्माण विभाग नकरोड़ उपमंडल के सहायक अभियंता ईं संजीव अत्री ने बताया कि मार्ग को खोलने के लिए काम जारी है। उन्होंने बताया कि शाम सात बजे तक मार्ग के यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
जेसीबी पर गिरा पत्थर, रोक दिया काम
चंबा। चुराह उपमंडल के बघेईगढ़-चांजू मार्ग पर सडक़ बहाली कार्य के दौरान एक हादसा सामने आया है। मार्ग को खोलने के लिए चल रहे काम के दौरान अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर जेसीबी मशीन पर आ गिरा। इस घटना में जेसीबी ऑपरेटर को मामूली चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आपरेटर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गनीमत रही कि हादसा बड़ा नहीं हुआ और किसी प्रकार की गंभीर चोट या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल सडक़ बहाली का कार्य रोक दिया गया है।