सेवा के आधार पर वॉलंटियर को अधिकतम 40 रुपये प्रति घंटा और प्रतिमाह अधिकतम 4000 रुपये तक मानदेय सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सु...
आम नागरिक संभालेगा ट्रैफिक, 40 रुपये प्रतिघंटा मानदेय मिलेगा, ट्रैफिक वॉलंटियर योजना शुरू
सेवा के आधार पर वॉलंटियर को अधिकतम 40 रुपये प्रति घंटा और प्रतिमाह अधिकतम 4000 रुपये तक मानदेय
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ट्रैफिक वॉलंटियर योजना शुरू की है। इस योजना के तहत आम नागरिकों को ट्रैफिक प्रबंधन में सक्रिय सहयोग का अवसर दिया जाएगा। योजना में वॉलंटियर व्यस्त समय, मेलों और त्योहारों में ट्रैफिक प्रबंधन में पुलिस की मदद करेंगे। साथ ही वह स्कूल के बच्चों और आम लोगों को सड़क हादसों से बचाने तथा ट्रैफिक जागरूकता अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस योजना के लिए न्यूनतम आयु 16 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित वॉलंटियर शारीरिक रूप से सक्षम और स्वस्थ मानसिक स्थिति के होने चाहिए और थाना क्षेत्र के निवासी और आपराधिक रिकॉर्ड रहित होने चाहिए। वॉलंटियर अधिकतम 4 घंटे प्रतिदिन सेवा देंगे। सुबह 2 घंटे और शाम 2 घंटे सेवा का समय रहेगा। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर मेलों और त्योहारों में भी उनकी सेवाएं ली जाएंगी। सेवा के आधार पर वॉलंटियर को अधिकतम 40 रुपये प्रति घंटा और प्रतिमाह अधिकतम 4000 रुपये तक मानदेय दिया जाएगा।
आम नागरिकों की भागीदारी से बेहतर होगी सड़क सुरक्षा
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बताया कि आम नागरिकों का थोड़ा सा समय भी सैकड़ों लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। आम नागरिकों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और हादसों में कमी आएगी। लोगों से अपील है कि इस योजना में सक्रिय रूप से भाग लें और सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाएं।