धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा बसें यात्रियों के लिए परेशानी बन रही हैं। इससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बुधवार...
प्रयास भवन की चढ़ाई पर हांफ गई एचआरटीसी बस
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा बसें यात्रियों के लिए परेशानी बन रही हैं। इससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बुधवार सुबह पालमपुर डिपो की बस धर्मशाला बस अड्डा पहुंचने से ठीक पहले प्रयास भवन की चढ़ाई पर अचानक हांफ गई। इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी। इससे बस में सवार यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा।
गनीमत यह रही कि चढ़ाई पर बस के रुकने के बाद चालक ने सूझबूझ से इसे नियंत्रित किया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बस अड्डे से महज कुछ ही दूरी पर बस के खराब होने से सवारियों को अपना सामान लेकर चढ़ाई पर पैदल चलने को मजबूर होना पड़ा। स्थानीय निवासी और बस में सवार यात्रियों में रमन कुमार, अश्वनी कुमार, परवेश और अमित ने कहा कि प्रयास भवन के पास यह समस्या अक्सर देखी जाती है। खड़ी चढ़ाई पर पुरानी और अनफिट बसें अक्सर जवाब दे जाती हैं।
लोगों का कहना है कि हर तीसरे दिन एचआरटीसी की कोई न कोई बस बीच रास्ते खड़ी मिल जाती है। इससे रोजाना सफर करने वाले कर्मचारियों और छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मशाला साहिल कपूर ने बताया कि बस में तकनीकी दिक्कत आने की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई। यात्रियों के लिए मौके पर दूसरी बस का प्रबंध किया गया, ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।