स्वास्थ्य केंद्र में 13 अगस्त से प्रतिनियुक्ति के बाद स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप सालवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले कई दिन से बिना ड...
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालवां के डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं हुई तो देंगे धरना
स्वास्थ्य केंद्र में 13 अगस्त से प्रतिनियुक्ति के बाद स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप
सालवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले कई दिन से बिना डॉक्टर के चल रहा है। यहां तैनात डॉक्टर 13 अगस्त से प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसके बाद से केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। ग्रामीण चमरूराम, दर्शन कुमार, संजीव कुमार, हंसराज, सुरेंद्र कुमार, भीलो राम और राकेश कुमार ने दोटूक कहा है कि अगर डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं की गई तो वे धरने पर बैठ जाएंगे। उन्हाेंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर ग्राम पंचायत सालवां, बाड़का, मौड़ा, सेरी, द्रेकड़ी, सीउला, करवाल, ग्वालू, लिग्गा और मांझली के लोग पूरी तरह निर्भर हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति में ग्रामीणों को मामूली स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दूर-दराज़ अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।
डॉक्टर की डेपुटेशन से लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़
ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी मुश्किल से संघर्ष करके उन्होंने अपने क्षेत्र में डॉक्टर की नियुक्ति करवाई थी, लेकिन अब सरकार ने उनका डेपुटेशन लगा दिया है, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। बारिश के मौसम में समस्या और भी गंभीर हो जाती है। कई बार भारी बारिश से सड़कें बाधित रहती हैं, ऐसे में अगर कोई घायल या बीमार हो जाए तो समय पर डॉक्टर तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में मरीजों की जान तक खतरे में पड़ सकती है। उधर, बीएमओ सुनील कक्कड़ ने बताया कि चिकित्सक को डेपुटेशन पर दूसरे स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। बुधवार को डेपुटेशन को रद्द कर चिकित्सक को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया जाएगा।