पंचायत चुनाव के पहले चरण में 16 लाख वोटर आज चुनेंगे गांव की सरकार

पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद व पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य के लिए भी करीब 16 लाख मतदाता वोट डालेंगे।  हिमा...

पंचायत चुनाव के पहले चरण में 16 लाख वोटर आज चुनेंगे गांव की सरकार

पंचायत चुनाव के पहले चरण में 16 लाख वोटर आज चुनेंगे गांव की सरकार

पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद व पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य के लिए भी करीब 16 लाख मतदाता वोट डालेंगे। 

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। मंगलवार को पहले चरण में प्रदेश की 1293 पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे। पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के अलावा जिला परिषद व पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य के करीब 7200 प्रत्याशियों लिए करीब 16 लाख मतदाता वोट डालेंगे। प्रदेश में मतदान के लिए 16,539 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 3554 संवेदनशील और 1585 अतिसंवेदनशील बूथ होंगे। सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान कराने के लिए 8,198 कर्मचारियों की तैनाती गई है। प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य के नतीजे मतदान के बाद शाम तक आ जाएंगे जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए पड़े मतों की गिनती 31 मई को होगी। मतदान बैलेट पेपर से होगा। हिमाचल प्रदेश में दूसरे चरण में 28 मई को 1274 और 30 मई को तीसरे एवं आखिरी चरण में 1187 पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में मतगणना होगी। आयोग मतदान केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी करेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्र के भीतर केवल वही व्यक्ति प्रवेश कर सकेगा, जिसे आयोग की ओर से अधिकृत किया गया होगा। बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोग ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयोग के अनुसार मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी के बाहर ही प्रत्याशियों के शिविर स्थापित किए जा सकेंगे। मतदान केंद्र के आसपास भीड़ एकत्र करने या प्रचार पर रोक रहेगी। अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव में आयोग नया रिकार्ड बनाने को तैयार है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह पिछले चुनावों की तुलना में अधिक दिखाई दे रहा है। आयोग को उम्मीद है कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में बने 78.70 प्रतिशत मतदान के रिकॉर्ड को इस बार पार किया जा सकता है। तीनों चरणों में 52 हजार 349 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव के पहले चरण में 1227 पंचायतों में मतदान हुआ था। उस दौरान ग्रामीण मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी और प्रदेश में कुल 78.70 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इस बार पहले चरण में 1293 पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं, जिसके चलते मतदान का दायरा भी बढ़ गया है।

इस बार चुनाव में युवा मतदाताओं का उत्साह भी खास तौर पर देखने को मिल रहा है। आयोग के अनुसार तीन चरणों में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 52 हजार 349 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को लेकर चुनावी माहौल में अलग उत्साह बना हुआ है। कई क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से नए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मतदान केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ पेयजल, बैठने की व्यवस्था की है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव की तैयारियां पूरी है। उन्होंने लोगों से घर से बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की है।