आषाढ़ नाग मेले की तैयारियों पर महामंथन

जिलास्तरीय आषाढ नाग मेला 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय डलहौजी में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम डलहौजी अनिल...

आषाढ़ नाग मेले की तैयारियों पर महामंथन

आषाढ़ नाग मेले की तैयारियों पर महामंथन

जिलास्तरीय आषाढ नाग मेला 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय डलहौजी में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने की। बैठक में 21 से 24 जून 2026 तक पदर मैदान बनीखेत में आयोजित होने वाले मेले के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले की पारंपरिक एवं भव्य शोभायात्रा नाग मंदिर बनीखेत से आरंभ होकर बस अड्डा बनीखेत तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा में स्कूली बच्चे हिमाचली पारंपरिक परिधानों में भाग लेंगे, जबकि एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स भी इसमें आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके लिए सरकारी एवं निजी विद्यालयों का सहयोग लिया जाएगा। इस बार मेले में पहली बार तीन नए आकर्षक आयोजन शामिल किए गए हैं। इनमें तंबोला, बेबी शो तथा डाग शो का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही मेले के दौरान लकी ड्रा आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है। बैठक में मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।

निर्णय लिया गया कि जिला चंबा के स्थानीय कलाकारों को कल्चर नाइट में अधिक से अधिक मंच प्रदान किया जाएगा। मेले की एक शाम ‘स्टार नाइट’ के नाम रहेगी, जिसमें प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। प्रत्येक दुकानदार के लिए अपनी दुकान पर डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। मेले में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेले के दौरान बड़े कमर्शियल एवं मालवाहक वाहनों की आवाजाही को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में व्यापार मंडल बनीखेत के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नाग मंदिर सोसायटी के प्रतिनिधि, प्रेस क्लब डलहौजी के सदस्य, बनीखेत यूथ क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत, वरिष्ठ नागरिक सुनील राणा, सुरजीत अरोडा, नवीन शर्मा, परमजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूलों के प्रिंसीपल एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।