लखनऊ सुपर जायंट्स बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत करेगी, तो कप्तान ऋषभ पंत पर प्रदर्शन...
IPL 2026 : आज लखनऊ सुपर जायंट्स का घर में कड़ा इम्तिहान, अक्षर दिल्ली के लिए दिखाएंगे दम
लखनऊ सुपर जायंट्स बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत करेगी, तो कप्तान ऋषभ पंत पर प्रदर्शन में सुधार का काफी दबाव रहेगा। पिछले साल लखनऊ टीम के साथ बतौर कप्तान और स्टार बल्लेबाज अपने पहले साल में पंत अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके थे। इस साल उनके पास पूरी तरह से फिट टीम है और मोहम्मद शमी तथा एनरिच नाट्र्जे जैसे अनुभवी गेंदबाजों के आने से आक्रमण मजबूत हुआ है। अकसर चोटिल रहने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पिछले एक साल में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और लखनऊ को उम्मीद होगी कि वह उस भरोसे पर खरे उतरें जो टीम ने उन पर किया है। तेज गेंदबाज मोहसिन खान भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं, जबकि प्रिंस यादव ने मध्यम तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया है।
स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। गेंदबाजी की तुलना में लखनऊ की बल्लेबाजी बेहतर लग रही है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले सत्र में सात सलामी जोडिय़ों को आजमाया, लेकिन बात नहीं बनी। इस सत्र में उन्हें शीर्षक्रम में स्थिरता की उम्मीद होगी । केएल राहुल पारी का आगाज करेंगे, लेकिन उनके साथ पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल या पाथुम निसांका में से कौन होगा, अभी तय नहीं है। मध्यक्रम को मजबूती देने के लिए डेविड मिलर को लाया गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स भी टीम में हैं । कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे दो मैच विनर उसके पास है । उनके साथ लुंगी एनगिडि भी हैं, जो टी-20 विश्व कप में जबरदस्त फॉर्म में थे ।