मौसम सामान्य होते ही धीरे-धीरे सैलानियों की आमद हुई शुरू लगातार दो महीने वीरान पड़े मिनी स्विट्जरलैंड खज्जियार में अब फिर से रौनक लौटने लगी है। मौस...
खज्जियार में मौसम खुलते ही लौटी रौनक
मौसम सामान्य होते ही धीरे-धीरे सैलानियों की आमद हुई शुरू
लगातार दो महीने वीरान पड़े मिनी स्विट्जरलैंड खज्जियार में अब फिर से रौनक लौटने लगी है। मौसम साफ होने के साथ ही वीरवार को विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के दल यहां पहुंचे और हरियाली से घिरे इस पर्यटन स्थल का लुत्फ उठाया। बरसात के दौरान प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बादल फटने की घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। इसके चलते पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख करने से कतरा रहे थे। इसका सीधा असर खज्जियार समेत प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर पड़ा। बरसात से पहले जहां रोजाना सैकड़ों सैलानी पहुंचते थे, वहीं पिछले दो माह से यहां सन्नाटा पसरा रहा। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस दौरान उनका कारोबार पूरी तरह मंदा पड़ गया था। हालांकि अब हालात सामान्य होते ही धीरे-धीरे सैलानियों की आमद शुरू हो गई है। वीरवार को यहां दो पर्यटक दल पहुंचे, जिससे कारोबारियों में फिर से उम्मीदें जग गई हैं।