भुट्टे बेचने वालों से लेकर पैराग्लाइडिंग करने वालों तक का चमक उठा कारोबार खज्जियार, जो सामान्य दिनों में अक्सर वीरान रहता है, वीकेंड पर पर्यटकों से...
वीकेंड पर खज्जियार हुआ गुलजार
भुट्टे बेचने वालों से लेकर पैराग्लाइडिंग करने वालों तक का चमक उठा कारोबार
खज्जियार, जो सामान्य दिनों में अक्सर वीरान रहता है, वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हो गया। सोमवार से शुक्रवार तक जहां कुछ ही पर्यटक यहां दिखाई देते थे, वहीं शनिवार और रविवार को यहां पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान होटलों में 60 फीसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी रही। पंजाब, दिल्ली, गुजरात और अन्य राज्यों से पर्यटक परिवार के साथ खज्जियार वीकेंड मनाने पहुंचे। रविवार को खज्जियार का झील मैदान पर्यटकों से खचाखच भरा रहा, जिससे स्थानीय व्यवसायों को भी फायदा हुआ। भुट्टे बेचने वालों से लेकर पैराग्लाइडिंग करने वालों तक का कारोबार चमक उठा। जिन होटलों में पहले खाली कमरे थे, उनमें भी दो दिन के लिए बुकिंग बढ़ गई। यह दृश्य खज्जियार के स्थानीय निवासियों और कारोबारियों के लिए राहत लेकर आया।
दिसंबर में क्रिसमस के दौरान खज्जियार में पर्यटकों की संख्या में होती है काफी बढ़ोतरी
स्थानीय कारोबारी हरीश कुमार, विशाल ठाकुर, संजय, सोनू, बबलू, नरेंद्र और धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वीकेंड पर पर्यटन कारोबार अच्छा हो रहा है। हालांकि सप्ताह के बाकी दिनों में खज्जियार शांत और वीरान ही रहता है। इनका कहना है कि सर्दियों में बर्फबारी देखने के लिए पर्यटक खज्जियार और डलहौजी का रुख करते हैं। खासकर दिसंबर में क्रिसमस के दौरान इन जगहों पर पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। उन्होंने इस साल भी पर्यटकों की अच्छी भीड़ आने की उम्मीद जताई जा रही है, खासकर क्रिसमस के दौरान। स्थानीय लोग आशा कर रहे हैं कि बर्फबारी का दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करेगा और इससे खज्जियार के पर्यटन उद्योग को और भी बढ़ावा मिलेगा।